*5 लाख की इनामी महिला नक्सली भुमिका उर्फ गीता ने किया आत्मसमर्पण*

*छत्तीसगढ़ आजतक, बीजापुर , 06 जनवरी 2026*
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में 5 लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली भुमिका उर्फ गीता (37 वर्ष) ने आत्मसमर्पण कर दिया है। भुमिका नगरी एरिया कमेटी की गोबर एलओएस कमांडर के रूप में सक्रिय थी और वर्ष 2005 से माओवादी संगठन से जुड़ी हुई थी।
भुमिका बीजापुर जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र अंतर्गत पुसनार गांव की निवासी है। संगठन के भीतर भेदभावपूर्ण व्यवहार और विचारधारा से निराश होकर उसने मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया। 6 जनवरी 2026 को वह धमतरी स्थित एसपी कार्यालय पहुंची और पुलिस महानिरीक्षक के मार्गदर्शन व पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आत्मसमर्पण किया।
लंबे समय तक सक्रिय रही नक्सली
प्रारंभिक प्रशिक्षण के बाद भुमिका वर्ष 2010 तक प्लाटून-01 में रही। इसके बाद उसे ओडिशा राज्य कमेटी में स्थानांतरित किया गया, जहां 2011 से 2019 तक वह सीसीएम संग्राम की गार्ड के रूप में कार्यरत रही।
2019 से 2023 तक वह सीनापाली एरिया कमेटी में सक्रिय रही और सितंबर 2023 में गोबर एलओएस कमांडर बनी। संगठन में सदस्यों की संख्या घटने के कारण वह नगरी और सीतानदी एरिया कमेटी के साथ संयुक्त रूप से सक्रिय थी। उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
कई मुठभेड़ों में रही शामिल
भुमिका कई नक्सली मुठभेड़ों में शामिल रही, जिनमें प्रमुख रूप से—
वर्ष 2010: ओडिशा के पड़कीपाली (जिला महासमुंद) में मुठभेड़, जिसमें 8 नक्सली मारे गए
वर्ष 2018: बीजापुर के तिमेनार जंगल में मुठभेड़, 8 नक्सली ढेर
वर्ष 2023: गरियाबंद के ताराझार जंगल में मुठभेड़
वर्ष 2024: धमतरी के एकवारी जंगल में मुठभेड़
वर्ष 2025: धमतरी के मांडागिरी जंगल में मुठभेड़
नवंबर 2025: गरियाबंद के सेमरा जंगल में मुठभेड़
(अधिकांश घटनाओं में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई)
50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि
छत्तीसगढ़ शासन की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत भुमिका को 50,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है।
पुलिस का बयान
एसपी सूरज सिंह परिहार ने बताया कि माओवादी संगठन में लंबे समय तक रहने के कारण भुमिका पारिवारिक जीवन से वंचित रही। धमतरी पुलिस के निरंतर अभियानों, सिविक एक्शन कार्यक्रमों और शासन की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर उसने आत्मसमर्पण का रास्ता चुना।











