*बस्तर दशहरा के फूल रथ परिक्रमा में विधायक सहित वरिष्ठ अधिकारी हुए शामिल*

*छत्तीसगढ़ आजतक, जगदलपुर 29 सितम्बर 2025*
जगदलपुर। बस्तर दशहरा पर्व के दौरान शुक्रवार देर रात्री में फूलों से सजे चार पहियाें वाले दुमंजिला फूल रथ की तीसरी परिक्रमा पूरे उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूरी की गई, इसके बाद दाे फूलरथ की परिक्रमा और हाेगी। इस भव्य आयोजन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल हुए। फूल रथ की तीसरी परिक्रमा शहर के जगन्नाथ मंदिर, गोल बाजार चौक, गुरु नानक चौक से होते हुए वापस दंतेश्वरी मंदिर तक की गई, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक माैजूद रहे।
चार पहियाें वाले दुमंजिला फूल रथ की परिक्रमा बस्तर दशहरा के महत्वपूर्ण अनुष्ठानों एवं बस्तर दशहरा के मुख्य आकर्षण में से एक है, जो माँ दंतेश्वरी और स्थानीय देवी-देवताओं के प्रति आस्था को दर्शाता है। चार पहियाें वाले दुमंजिला फूल रथ में मां दंतेश्वरी के छत्र के विराजमान होते ही, जगन्नाथ मंदिर के पास छत्र को पुलिस के जवानों ने हर्ष फायर कर सलामी दी गई।
परिक्रमा के दौरान जगदलपुर विधायक किरण देव विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके साथ ही बस्तर संभाग कमिश्नर डोमन सिंह, पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पी, कलेक्टर हरिस एस, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा भी मौजूद रहकर रथ खींचने वाले जगदलपुर और तोकापाल तहसील के 20 से अधिक गांवों के 200 ग्रामीणों का हौसला बढ़ाया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के लिए तैनात पुलिस एवं प्रशासन की टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। यह आयोजन बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से इस अनूठे बस्तर दशहरा पर्व को विश्व मंच पर स्थापित करता है|



