*बीजापुर के पेददाकोरमा में नया सुरक्षा एवं जन-सुविधा कैम्प, नक्सल प्रभावित इलाके में विकास की नई किरण*

*छत्तीसगढ़ आजतक,बीजापुर, 22 सितम्बर 2025*
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में विकास और सुरक्षा का नया अध्याय जुड़ा। जिले के सुदूरवर्ती ग्राम पेददाकोरमा में 16 सितम्बर को नवीन सुरक्षा एवं जन-सुविधा कैम्प की स्थापना की गई। यह कदम न केवल सुरक्षा दृष्टिकोण से ऐतिहासिक है बल्कि स्थानीय ग्रामीणों को स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, सड़क, पुल-पुलिया, मोबाइल नेटवर्क और पीडीएस जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने वाला बड़ा बदलाव है।
कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और प्रतिकूल मौसम के बावजूद सुरक्षा बलों ने इस कैम्प की स्थापना कर नक्सल उन्मूलन अभियान को और मजबूती दी है। वर्ष 2024 से अब तक जिले में 37 सुरक्षा कैम्प स्थापित किए जा चुके हैं, जिनके परिणामस्वरूप 496 माओवादी आत्मसमर्पण, 195 माओवादी मुठभेड़ में ढेर और 918 की गिरफ्तारी हो चुकी है।
इस अभियान में आईजी बस्तर रेंज सुन्दरराज पी., आईजी केरिपु ऑप्स शालिन, एसपी बीजापुर डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों और जवानों की अहम भूमिका रही।स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल का स्वागत किया है। उनका कहना है कि अब क्षेत्र में शांति, स्थायित्व और विकास की नई शुरुआत होगी।



