*बीजापुर में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, अलग-अलग स्थानों से IED और माओवादी डंप बरामद*

*छत्तीसगढ़ आजतक, बीजापुर, 14 जनवरी 2026*
बीजापुर। जिले में माओवादी विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। थाना भोपालपटनम एवं थाना महदेड़ क्षेत्रांतर्गत सुरक्षा बलों द्वारा अलग-अलग कार्रवाइयों में IED तथा माओवादी डंप बरामद किए गए हैं।
थाना महदेड़ क्षेत्र के अंतर्गत सोमनपल्ली–बेंडापारा कच्चे मार्ग पर माओवादियों द्वारा श्रृंखलाबद्ध तरीके से लगाए गए 10-10 किलोग्राम के दो कमांड IED सुरक्षा बलों द्वारा बरामद किए गए। माओवादियों ने इन IED को सड़क मार्ग पर क्रमबद्ध रूप से लगाया था, जिन्हें थाना महदेड़ पुलिस एवं बीडीएस टीम की सतर्कता से समय रहते खोज निकाला गया। बरामद IED को बीडीएस बीजापुर की टीम द्वारा सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मौके पर ही सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया गया।
इसी क्रम में थाना भोपालपटनम क्षेत्रांतर्गत कोडापाड़ा के जंगल क्षेत्र में सर्चिंग एवं डी-माइनिंग अभियान के दौरान कैम्प कांडलापत्ती-2 से केरिपु 214 बटालियन एवं जिला बल की संयुक्त टीम द्वारा 02-02 किलोग्राम के दो प्रेशर IED बरामद किए गए। इन IED को भी केरिपु 214 की बीडीएस टीम द्वारा मौके पर ही नष्ट किया गया।
सर्चिंग अभियान के दौरान कोडापाड़ा क्षेत्र में माओवादियों द्वारा जमीन के भीतर गड्ढा खोदकर छुपाकर रखे गए दो सेफ्टी ड्रम भी बरामद किए गए, जिनमें माओवादियों द्वारा रसद सामग्री संग्रहित कर रखी गई थी।
क्षेत्र में माओवादियों के विरुद्ध सुरक्षा बलों की प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी है। सुरक्षा एजेंसियां माओवादी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी बनाए हुए हैं और आने वाले समय में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहने की बात कही जा रही है।



