*भूतपूर्व सैनिकों के मार्गदर्शन में संचालित जीवन दिशा अकादमी ने गरीब व ग्रामीण बच्चों के लिए नई राह*

*छत्तीसगढ़ आजतक, कोंडागांव 18 अगस्त 2025*
भूतपूर्व सैनिकों के मार्गदर्शन में संचालित जीवन दिशा अकादमी ने गरीब व ग्रामीण बच्चों के लिए नई राह बनाई है। एक वर्ष पूर्व प्रारंभ हुई यह अकादमी युवाओं को पुलिस, आर्मी, नेवी, एयर फोर्स, एसएसबी, सीआरपीएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी, छत्तीसगढ़ पुलिस और फॉरेस्ट पुलिस जैसी भर्तियों हेतु निःशुल्क फिजिकल प्रशिक्षण उपलब्ध करा रही है।
इस प्रयास का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। अकादमी के 86 प्रशिक्षुओं में से 40 ने नगर सेना भर्ती परीक्षा दी, जिनमें अब तक 14 प्रतिभागियों का चयन हो चुका है, जबकि कुछ का परिणाम आना बाकी है। इस उपलब्धि पर फॉरेस्ट सरगी गार्डन में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि बस्तर प्राधिकरण उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी और नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल रहे। उन्होंने चयनित युवाओं को माला पहनाकर, शाल व श्रीफल देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
प्रशिक्षक राजेन्द्र शर्मा, विमल कुमार साहू और पुरुषोत्तम कुमार ने बच्चों की मेहनत व अनुशासन को सफलता का कारण बताया। चयनित प्रतिभागियों में निशा दीवान, यमुना कश्यप, देवकी चौहान, सरिता नेताम, प्रमिला मंडावी, गायत्री कोर्राम सहित 14 नाम शामिल हैं। कार्यक्रम में आर.के. जैन, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष दीपेश अरोरा, पार्षद सकाराम, सीतामणी, हर्ष, विनय राज, मनोहर साहू, नगर पालिका अधिकारी दिनेश डे सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथियों ने अकादमी टीम को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे प्रयास युवाओं के सपनों को पंख दे रहे हैं।



