*केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा बीजापुर और सुकमा जिले में सिपाही (जीडी) पदों के लिए निकाली गई भर्ती*

*छत्तीसगढ़ आजतक, बीजापुर 6 अक्टूबर 2025*
बीजापुर | केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा बीजापुर और सुकमा जिले में सिपाही (जीडी) पदों के लिए निकाली गई भर्ती में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के अभ्यर्थियों को शामिल न किए जाने को लेकर प्रदेशभर के ओबीसी समाज में भारी आक्रोश है।
छत्तीसगढ़ सर्व पिछड़ा वर्ग समाज के संभागीय अध्यक्ष तरुण सिंह धाकड़ ने इस मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नाम ज्ञापन सौंपते हुए भर्ती प्रक्रिया में ओबीसी समुदाय की उपेक्षा पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार बीजापुर जिले में आदिवासी वर्ग के लिए विशेष भर्ती अभियान चलाया गया है, उसी तरह जनसंख्या के अनुपात में ओबीसी वर्ग के लिए भी समान अवसर प्रदान किए जाने चाहिए।
धाकड़ ने आरोप लगाया कि लंबे समय से केंद्र और राज्य सरकारों की भर्ती प्रक्रियाओं में ओबीसी समुदाय के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है, जिससे बेरोजगार युवाओं में गहरी नाराजगी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र सुधारात्मक कदम नहीं उठाए, तो ओबीसी समाज लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को विवश होगा।
इस दौरान जगदेव यादव, दयालु यादव, सुनील एर्पुडे, ईश्वर लाल सोनी, सुनील साहू, तरुण सिन्हा, प्राणेश्वर, बुधसिंह विश्वकर्मा, संतुराम नाग, राम कुमार और दीनू ठाकुर सहित कई सामाजिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।



