मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 6 जनवरी से
राजैनिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक में दी गई कार्यक्रम की जानकारी

कोंडागांव, 5 जनवरी 2024/ फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 6 जनवरी से किया जाएगा। इसके संबंध में शुक्रवार को जिला कार्यालय के राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कुणाल दुदावत ने बताया कि फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार 6 जनवरी को सभी मतदान केन्द्र, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण कार्यालयों में सुबह 10.30 बजे मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया जाएगा। मतदाता सूची में नाम शामिल करने, विलोपन करने और संशोधन संबंधी दावा-आपत्तियां 6 जनवरी से 22 जनवरी तक प्राप्त की जाएगी। वहीं शनिवार 13 जनवरी और रविवार 14 जनवरी को मतदान केन्द्रों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। प्राप्त दावा-आपत्तियों का निराकरण 2 फरवरी तक किया जाएगा और 6 फरवरी तक डाटाबेस अद्यतीकरण एवं पूरक मतदाता सूची का मुद्रण किया जाएगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 8 फरवरी को किया जाएगा।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में 1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2024 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा मतदाता सूची में नाम शामिल करने हेतु निर्धारित प्रारुप-6 में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। जिन मतदाताओं की मृत्यु हो गई है, उनका नाम विलोपन के लिए परिवार के सदस्य प्रारुप-7 में आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ ही नाम, पता, जन्म तिथि संशोधन और मतदान केन्द्र स्थानांतरण के लिए प्रारुप-8 में आवेदन कर सकते हैं। ये सभी आवेदन प्रारुप बुथ स्तरीय अधिकारी के पास उपलब्ध हैं, जिन्हें अपने निवास क्षेत्र के निःशुल्क प्राप्त किया जा सकता है। आवेदन प्रारुप में आवश्यक जानकारी की प्रविष्टि के पश्चात्् आवश्यक दस्तावेजों के साथ कार्यालयीन दिवसों में सुबह 10.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक जमा किया जा सकता है। इसके साथ ही ऑनलाईन भारत निर्वाचन आयोग की मतदाता सेवा पोर्टल अवजमते.मबप.हवअ.पद के माध्यम से आवेदक स्वयं भी ऑनलाईन पंजीकरण, संशोधन और विलोपन के लिए आवेदन कर सकते हैं। मतदाता अपने मोबाईल के प्ले स्टोर से वोटर हेल्पलाईन एप्प डाउनलोड कर जानकारी और सुविधा प्राप्त कर सकते हैं।
कलेक्टर श्री दुदावत ने सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे अपने बुथ स्तरीय एजेंटों को नियुक्त करते हुए फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम से अवगत कराएं, जिससे वे इस कार्य में सहयोग कर सकें तथा त्रुटिरहित मतदाता सूची बनाई जा सके। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती सीमा ठाकुर तथा राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।



