कोंडागांवछत्तीसगढ़ / मध्यप्रदेश
*चक्रवात ‘मोंथा’ का असर: केके रेल लाइन पर भारी बारिश से यातायात ठप, चट्टान गिरने से रुकी ट्रेनें*

*छत्तीसगढ़ आजतक, जगदलपुर 30 अक्टूबर 2025*
जगदलपुर। चक्रवात ‘मोंथा’ के प्रभाव से हो रही लगातार भारी बारिश ने छत्तीसगढ़ के रेल यातायात को बुरी तरह प्रभावित किया है। मंगलवार शाम को केके रेल लाइन पर चिमड़ीपल्ली और बोर्रागुहालू स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक पर एक विशाल पत्थर गिर गया, जिससे यात्री ट्रेनों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर पत्थर हटाने का कार्य शुरू किया। रातभर चले रेस्क्यू अभियान के बाद पत्थर को हटा लिया गया, लेकिन तेज बारिश के चलते ट्रैक पर मिट्टी और मलबा जमा हो गया था। उसे साफ करने का कार्य देर रात तक जारी रहा।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि स्थिति सामान्य होने में कुछ समय लगेगा, जिसके चलते बुधवार को भी केके रेल लाइन पर यात्री ट्रेनों का आवागमन प्रभावित रह सकता है।



