*दंतेश्वरी पीजी महिला महाविद्यालय में दीक्षारंभ समारोह आयोजित..*

*छत्तीसगढ़ आजतक,जगदलपुर बस्तर,23 अगस्त 2025*
शिक्षा केवल डिग्री हासिल करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन को गढ़ने और समाज को दिशा देने का माध्यम है। इसी संदेश के साथ शासकीय दंतेश्वरी पीजी महिला महाविद्यालय में भव्य दीक्षारंभ समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने नई शैक्षिक यात्रा का आगाज किया और जीवन के प्रति सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लिया। महापौर संजय पांडे ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा यह दीक्षारंभ केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि नई यात्रा की शुरुआत है। छात्र जीवन का हर क्षण महत्वपूर्ण होता है, क्योंकि यही वह समय है जब जीवन की दशा और दिशा तय होती है। शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल डिग्री पाना नहीं, बल्कि ऐसा ज्ञान और कौशल हासिल करना है,जो हमें आत्मनिर्भर बनाए और समाज को भी दिशा दे। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वर्तमान युग कौशल आधारित शिक्षा का है। यदि शिक्षा से रोजगार ही नहीं मिले या हम किसी और को रोजगार न दे सकें, तो शिक्षा अधूरी है। उन्होंने जोर दिया कि शिक्षा तभी सार्थक है जब वह समाज को भी लाभ पहुंचाए और आने वाले कल की मजबूत नींव रखे।
*स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील*
महापौर संजय पाण्डे ने छात्राओं को स्वच्छता के महत्व से भी अवगत कराया। उन्होंने कहा कि गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की आदत डालनी चाहिए। घरों और संस्थानों में दो डस्टबिन का उपयोग हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा स्वच्छता केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आदत बननी चाहिए। यदि हम नुक्कड़ों और सड़कों पर कचरा फेंकना बंद कर दें, तो हमारा शहर अपने आप स्वच्छ और सुंदर बन जाएगा। हर नागरिक को इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना होगा।
*नई ऊर्जा और संकल्प का प्रतीक बना कार्यक्रम*
दीक्षारंभ समारोह ने छात्राओं को न केवल शिक्षा के महत्व का बोध कराया,बल्कि यह भी स्पष्ट किया कि स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी ही एक सच्चे नागरिक की पहचान है। इस अवसर पर छात्राओं ने शिक्षा,अनुशासन,स्वच्छता और समाजसेवा के प्रति नई प्रतिबद्धता व्यक्त की। यह दिन छात्राओं के लिए केवल
औपचारिक शुरुआत नहीं, बल्कि नई सोच,नई ऊर्जा और जीवन की नई दिशा का प्रतीक बन गया। समारोह में नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन,शिक्षा विभाग की सभापति कलावती कसेर, महाविद्यालय के प्राचार्य राजीव गुहे, प्रो.रंजना नाथ, योगेंद्र मोतीवाला,बबीता दीवान,सुनील मिश्रा,गुलाब साहू,डॉ.श्यामाचरण,भुवनेश्वर कुमार,बृजेश गौतम,गुलाबचंद, डॉ.हेमलता मिंज,डॉ.बिंदु साहू, जीविरा कोसले,तृप्ति खंगन, प्रियंका शुक्ला सहित बड़ी संख्या में प्राध्यापक-प्राध्यापिकाएं और छात्राएं मौजूद रहीं।



