*बीजापुर: पोटाकेबिन अनुदेशकों ने मांगों को लेकर किया पैदल मार्च, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन*

*छत्तीसगढ़ आजतक , बीजापुर , 01 जनवरी 2026*
बीजापुर जिले में पोटाकेबिन अनुदेशकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन करते हुए पैदल मार्च निकाला। यह मार्च नए बस स्टैंड से कलेक्टर कार्यालय तक आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पोटाकेबिन अनुदेशक शामिल हुए। रैली के दौरान अनुदेशकों ने अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की।
कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अनुदेशकों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने आगामी शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में डीएड (D.Ed) में शिथिलता देते हुए पोटाकेबिन अनुदेशकों को नियमित अथवा मर्ज करने की मांग की है।
इसके साथ ही वर्ष 2026-27 की बजट योजना (एलडब्ल्यूपी) में अनुदेशकों का वेतन 16 हजार रुपये से बढ़ाकर 40 हजार रुपये करने का प्रस्ताव सरकार को भेजने की मांग की गई है।
अनुदेशकों ने यह भी आरोप लगाया कि वे पूर्णकालिक कार्य करने के बावजूद उन्हें पार्ट-टाइम शिक्षक बताकर कम मानदेय दिया जा रहा है, जिससे सरकार को सही जानकारी नहीं मिल पा रही है। उन्होंने 24 घंटे सेवा लेने के बजाय केवल कार्यालयीन समय में ही कार्य लेने की अनुमति देने की भी मांग की है।



