मतदान कर्मियों के साथ ही अत्यावश्यक सेवा प्रदाता भी करेंगे डाक मतपत्र का उपयोग
बुजुर्गों और दिव्यांगों को मिलेगी घर से ही मतदान करने की सुविधा
कलेक्टर ने डाक मतपत्र जारी करने हेतु आवेदन पत्र प्राप्त करने के दिए निर्देश
कोंडागांव, 21 मार्च 2024–लोक सभा निर्वाचन के दौरान मतदान अधिकारियों के साथ ही अत्यावश्यक सेवा प्रदान करने वाले अन्य अधिकारी-कर्मचारियों को भी डाक मतपत्र से मतदान की सुविधा प्रदान की जाएगी।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में आज जिला कार्यालय के प्रथम तल स्थित सभाकक्ष में इसकी तैयारियों के लिए बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि मतदान कार्य में लगे अधिकारियों को डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान की सुविधा प्रदान की जाएगी।
इसके साथ ही निर्वाचन के दौरान विद्युतकर्मी, पुलिस कर्मी, निर्वाचन कार्य में संलग्न वाहनों के वाहन चालक इत्यादि भी मतदान से वंचित न रहें, इसके लिए डाक मतपत्र से मतदान की सुविधा प्रदान की गई है। डाक मतपत्र से मतदान की सुविधा के लिए सुविधा केन्द्र बनाए जाएंगे, जहां मतदान किया जा सकेगा। उन्होंने डाक मतपत्र से मतदान के इच्छुक इन श्रेणियों के मतदाताओं से आवेदन प्राप्त करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि इसके साथ ही 85 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग मतदाता और 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले मतदाताओं को घर में ही मतदान की सुविधा प्रदान की जाएगी। इसके लिए भी इच्छुक मतदाताआंे का आवेदन आवश्यक है। उन्होंने चिन्हित बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं से आवेदन एकत्रित करने की कार्यवाही शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री चित्रकांत चाली ठाकुर, डाक मतपत्र के नोडल अधिकारी श्री अश्वन पुसाम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और मास्टर ट्रेनर उपस्थित थे।











