*बीजापुर में बड़ी सफलता: मुखबिरी के शक में हत्या करने वाले सात नक्सली गिरफ्तार*

*छत्तीसगढ़ आजतक, बीजापुर 30 अक्टूबर 2025*
बीजापुर, छत्तीसगढ़।
जिले के नक्सल प्रभावित उसूर और ईलमिडी थाना क्षेत्रों में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त कार्रवाई में मुखबिरी के संदेह में ग्रामीणों की हत्या में शामिल सात नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है।
यह संयुक्त अभियान पुलिस, डीआरजी, सीआरपीएफ और कोबरा बल की टीम ने मिलकर चलाया।
उसूर क्षेत्र से पांच नक्सली गिरफ्तार
1 अक्टूबर को पुजारीकांकेर निवासी भीमा मड़कम की हत्या नक्सलियों ने पुलिस मुखबिरी के शक में बेरहमी से कर दी थी।
जांच के बाद सुरक्षा बलों ने उसूर थाना क्षेत्र में अभियान चलाकर पांच नक्सलियों को पकड़ा।
गिरफ्तार नक्सलियों की पहचान —
रेंगा पीड़गा उर्फ गुंडम, हड्मा काका, शंकर एसएम उर्फ गोलेम, मडकम बुधरा और सोही आयतु — के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि इन आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार भी बरामद किए गए हैं।
ईलमिडी क्षेत्र से दो नक्सली गिरफ्तार
इसी तरह, ईलमिडी थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने मुझालकांकेर निवासी सत्याम पूनेम की हत्या पुलिस मुखबिरी के शक में कर दी थी।
इस मामले में ईलमिडी थाना पुलिस और छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (छसबल) की 9वीं वाहिनी ने संयुक्त कार्रवाई कर दो नक्सलियों — महेंद्र मिच्चा और लक्ष्मण कुरस्सम — को गिरफ्तार किया है। दोनों मिलिशिया सदस्य बताए गए हैं।
न्यायालय में पेश, क्षेत्र में बढ़ा भरोसा
सभी गिरफ्तार नक्सलियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद अदालत में पेश किया गया।
बीजापुर पुलिस का कहना है कि यह गिरफ्तारी क्षेत्र में नक्सल हिंसा पर नियंत्रण और ग्रामीणों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है।



