धमतरी में 18 से 29 वर्ष के 1.72 लाख मतदाता, चुनाव से पहले नई वोटर लिस्ट जारी, देखिए आंकड़ें
नवंबर में होने वाले वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में धमतरी जिले के 18 से 29 वर्ष आयु वर्ग के 1.72 लाख से अधिक मतदाता चुनाव का परिणाम तय करेंगे। इस वर्ग के युवाओं का मत जिस प्रत्याशी या पार्टी के पक्ष में जाएगा उसके विजय होने की प्रबल संभावना है। जिले की तीनों विधानसभाओं में 18 से 29 वर्ष तक की आयु के मतदाताओं की संख्या में सर्वाधिक वृद्धि हुई है, जबकि 80 वर्ष या अधिक आयु के वरिष्ठ मतदाताओं की संख्या घटी है।
धमतरी जिले में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन चार अक्टूबर किया गया। गया। मतदाता सूची के अनुसार 29717 नये नाम जुड़ने के बाद जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 621149 हो गई है। 18 से 19 वर्ष की आयु के मतदाताओं की संख्या 24922 तथा 20 से 29 वर्ष के मतदाताओं की संख्या 147841 है। इस प्रकार 18 से 29 वर्ष की आयु वाले कुल मतदाता 172763 हो गए हैं। इसलिए इस बार के चुनाव में युवा मतदाताओं का वोट चुनाव का परिणाम तय करेगा।
18-19 वर्ष के आयु के मतदाताओं की संख्या 24922 हो गयी है। इस आयु वर्ग के 9434 मतदाताओं की वृद्धि हुई है। 20 से 29 वर्ष के आयु वाले मतदाताओं की संख्या 147841 हो गयी है, जिसमें 9977 मतदाताओं की वृद्धि हुई है। वरिष्ठ मतदाता 80 वर्ष या अधिक आयु के 5390 थे। इस आयु के मतदाताओं की मृत्यु होने अथवा अन्य कारण 975 कम हुए है। अब वरिष्ठ मतदाताओं की संख्या घटकर 4415 हो गयी है। दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 7468 है।
धमतरी विधानसभा क्षेत्र में कुल संख्या 219689 मतदाता हैं, जिसमें 107443 पुरूष, 112224 महिला मतदाता हैं। तृतीय लिंग (थर्ड जेंडर) के केवल छह मतदाता हैं। कुरूद विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाता संख्या 208382 हैं, जिसमें 104338 पुरूष व 104042 महिला मतदाता है। थर्ड जेंडर के दाे मतदाता हैं। सिहावा विधानसभा क्षेत्र में 19378 मतदाता है। इसमें 94375 पुरूष, 98701 महिला एवं दो थर्ड जेंडर के मतदाता हैं।



