कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन शिविर का किया शुभारंभ
शिविर में विद्यार्थियों को दिया जाएगा विभिन्न कलाओं का प्रशिक्षण
छत्तीसगढ़ आजतक कोण्डागांव, 14 मई 2024–ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान छात्र-छात्राओं को समृद्ध और आकर्षक अनुभव प्रदान करने, कौशल विकास, शारीरिक गतिविधियां, रचनात्मक अभिव्यक्ति, शैक्षणिक संवर्धन, बाहरी रोमांच, सांस्कृतिक और वैश्विक जागरूकता, आत्मविश्वास और स्वतंत्रता का निर्माण स्व-कौशल विकसित करने के उद्देश्य से 14 से 20 मई तक जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन शिविर का आयोजन कोण्डागांव में किया जा रहा है।
इस ग्रीष्मकालीन शिविर का कलेक्टर कुणाल दुदावत द्वारा मंगलवार को शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ग्रीष्मकालीन छुट्टियां बच्चों को स्कूलों में नियमित रूप से सिखाये जाने वाले कौशलों के अतिरिक्त अन्य कौशल सिखने एवं उनके द्वारा अपने ज्ञान में वृद्धि करने का एक उपयुक्त अवसर प्रदान करते है। ऐसे में जिला प्रशासन द्वारा बच्चों को अतिरिक्त कौशल दिलाने हेतु ग्रीष्मकालीन शिविर का आयोजन किया गया है। इसके माध्यम से बच्चे भाषण, वाद-विवाद, ड्राईंग, पेंटिंग, संगीत सहित विशेष कौशल के रूप में फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी, ड्रोन बनाना, नाट्य-थिएटर, क्लासिकल डांस, वेस्टर्न डांस सिख सकते हैं। इससे उनमें व्यक्तित्व का विकास होगा, जो उनके सम्पूर्ण विकास में सहायक होगा। उन्होंने आये बच्चों को इस मौके का पूर्ण लाभ उठायें तथा जिस भी क्षेत्र में आप आगे बढ़ना चाहते हैं उसकी जानकारी प्राप्त करते हुए अपनी कला का विकास करें।
उल्लेखनीय है कि इस ग्रीष्मकालीन शिविर में पीएम श्री शालाओं के विद्यार्थी शामिल होंगे। इन शिविरों का आयोजन शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं प्री मैट्रिक बालक छात्रावास कोण्डागांव में किया जाएगा, जहां प्रतिदिन सुबह 08.30 बजे से संध्या 05.30 बजे तक भाषण, वाद-विवाद, नाट्य-थिएटर ड्राईंग एवं पेंटिंग, क्लासिकल डांस, वेस्टर्न डांस, फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी, ड्रोन बनाने की कार्यशाला, संगीत सहित खेलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस अवसर पर डीएमसी महेन्द्र नाथ पाण्डे, वरिष्ठ खेल अधिकारी सुधा कुमार, सहायक परियोजना अधिकारी कवंलसाय मरकाम, प्राचार्य शिवलाल शर्मा, बीएस पोर्ते, प्रधान अध्यापक निर्मल शार्दुल, मधु तिवारी सहित सभी 06 पीएम श्री स्कूलों के छात्र-छात्राएं, प्रशिक्षक तथा स्कूली शिक्षक एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।



