*राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर जिला कार्यालय में कार्यक्रम संपन्न*

*एसआईआर में शतप्रतिशत उपलब्धि हासिल करने वाले 06 बीएलओ सम्मानित*
*छत्तीसगढ़ आजतक,कोण्डागांव, 25 जनवरी 2026*
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर “मेरा भारत, मेरा वोट ” थीम के तहत जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सभी उपस्थितों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ दिलाकर की गई।
इस अवसर पर जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के अंतर्गत शतप्रतिशत उपलब्धि प्राप्त करने वाले 06 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने नये मतदाताओं का स्वागत किया और उन्हें मतदान के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक वोट का विशेष महत्व होता है, इसलिए सभी मतदाताओं को अपने मताधिकार के प्रति सदैव जागरूक रहना चाहिए और अनिवार्य रूप से मतदान करना चाहिए। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती पन्ना ने उपस्थित युवाओं से निर्वाचन प्रक्रिया एवं एसआईआर से संबंधित संवाद करते हुए प्रश्नोत्तर किए। सही उत्तर देने वाले युवाओं को पुरस्कृत भी किया गया।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई ने युवाओं को मताधिकार के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य भी है। वहीं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री चित्रकांत चाली ठाकर ने कार्यक्रम के अंत में आभार व्यक्त करते हुए नये मतदाताओं से लोकतंत्र को सशक्त बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
*06 बीएलओ का हुआ सम्मान*
कार्यक्रम में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान शतप्रतिशत गणना फार्म वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले बीएलओ को सम्मानित किया गया।
केशकाल विधानसभा क्षेत्र से बीएलओ श्री हरीश कुमार यादव, श्री दीपक कुमार नेताम एवं श्री नितेश कुमार कोर्राम तथा कोण्डागांव विधानसभा क्षेत्र से बीएलओ श्री निरगुन मारम, श्री मितेश कुमार डड़सेना एवं श्री हरीश देवांगन को सम्मानित किया गया। प्रत्येक बीएलओ को प्रोत्साहन स्वरूप 05 हजार रुपए की राशि प्रदान की गई। इस अवसर पर श्री वेणुगोपाल राव सहित निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में युवा मतदाता उपस्थित रहे।



