*बीजापुर में नक्सलियों ने सड़क ठेकेदार की गला रेतकर हत्या की, पर्चा फेंककर ली जिम्मेदारी*

*छत्तीसगढ़ आजतक, बीजापुर 8 दिसंबर 2025*
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। नक्सलियों ने सड़क निर्माण कार्य पर तैनात ठेकेदार की गला काटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद नक्सलियों ने शव के पास पर्चा फेंककर हत्या की जिम्मेदारी भी ली है। यह मामला पामेड़ थाना क्षेत्र का है।
मुंशी को किडनैप किया, ठेकेदार को बचाने पहुंचा तो मार दिया
सूत्रों के मुताबिक नक्सलियों ने पहले ठेकेदार के मुंशी का अपहरण किया था। जब ठेकेदार मुंशी को छुड़ाने की कोशिश में जंगल के अंदर गया, तभी नक्सलियों ने उसे पकड़ लिया और उसकी गला काटकर हत्या कर दी। बाद में मुंशी को रिहा कर दिया गया, जिसने पूरी घटना पुलिस को बताई।
शव के पास मिला धमकी भरा पर्चा
शव के पास से नक्सलियों द्वारा लिखा गया एक पर्चा भी मिला है, जिसमें सड़क निर्माण का विरोध करते हुए ऐसी वारदातें दोहराने की चेतावनी दी गई है। पर्चे पर संगठन का नाम भी लिखा हुआ है और इसे “पामेड़ एरिया कमेटी” का बताया जा रहा है।
ठेकेदार की पहचान
मृतक ठेकेदार की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी इस्मितयाज अली के रूप में हुई है। वह काफी समय से नारायणपुर जिले के धौड़ाई क्षेत्र में रह रहा था और सड़क निर्माण का कार्य देख रहा था।
18 किमी सड़क निर्माण का नक्सली विरोध
सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत रासपल्ली से पीनाचंदा के बीच 18 किमी सड़क निर्माण चल रहा था। नक्सली इस काम का लंबे समय से विरोध कर रहे थे और कई बार धमकी भरे पोस्टर भी लगाए थे।
पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी
मुंशी के बयान के आधार पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने बताया कि शव बरामद कर उसे चिंतागुफा थाना लाया गया है, जहां मृतक के परिजन भी पहुंच चुके हैं।



