*मद्देड़ के जंगल में IED विस्फोट, एक माओवादी घायल — पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल*

*छत्तीसगढ़ आजतक, बीजापुर 4 अक्टूबर 2025*
बीजापुर। मद्देड़ थाना क्षेत्र के बंदेपारा जंगल में शनिवार को माओवादियों द्वारा IED लगाते समय विस्फोट हो गया, जिसमें एक महिला माओवादी गंभीर रूप से घायल हो गई। विस्फोट के बाद उसके साथी उसे घायल अवस्था में जंगल में छोड़कर हथियार लेकर फरार हो गए।
स्थानीय ग्रामीणों से घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस दल मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों की मदद से घायल माओवादी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बीजापुर भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घायल माओवादी की पहचान गुज्जा सोढ़ी के रूप में हुई है, जो पिछले 6–7 वर्षों से मद्देड़ एरिया कमेटी में एसीएम कन्ना बुच्चना के साथ सक्रिय सदस्य के रूप में काम कर रही थी और 12 बोर का हथियार रखती थी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह घटना माओवादियों की अमानवीय सोच को उजागर करती है। संगठन के भीतर अपने घायल या बीमार साथियों की कोई परवाह नहीं की जाती, बल्कि उन्हें जंगल में तड़पते छोड़ दिया जाता है। माओवादियों की नीति “या तो लड़ो, या मरो” उनके क्रूर चरित्र को दर्शाती है। वहीं, अब संगठन में ऊपरी स्तर के नेताओं के बीच मतभेद और निचले स्तर पर बिखराव की स्थिति स्पष्ट दिखाई दे रही है।
पुलिस की अपील: जिला पुलिस ने समाज से भटके युवाओं से हिंसा का मार्ग छोड़कर मुख्यधारा में लौटने की अपील की है। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जो भी आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ना चाहता है, उसे हर संभव सहायता और सुरक्षा प्रदान की जाएगी।



