*स्कूटी पर स्टंट दिखाना पड़ा महंगा, बीजापुर पुलिस ने 4 युवकों सहित एक नाबालिग को हिरासत में लिया*

*छत्तीसगढ़ आजतक, बीजापुर 30 सितम्बर 2025*
बीजापुर: सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक स्कूटी स्टंट वीडियो के मामले में बीजापुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार युवकों और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। वायरल वीडियो में पांच युवक देर रात बिना हेलमेट पहने यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए स्कूटी पर खतरनाक स्टंट करते नजर आ रहे थे।
पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र कुमार यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली बीजापुर और यातायात पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। संयुक्त टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए वीडियो में दिख रहे सभी युवकों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही वाहन मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई अमल में लाई गई है।
पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे इस तरह के खतरनाक स्टंट कर अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें। उन्होंने जोर देकर कहा कि वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें और यातायात के सभी नियमों का पालन करें। पुलिस ने एक स्पष्ट संदेश देते हुए कहा, “सड़क पर स्टंट नहीं, सुरक्षित यातायात को बढ़ावा दें।”











