*बीजापुर की महिलाओं ने शुरू किया सेंट्रिंग प्लेट का व्यवसाय, मिल रही नियमित आय*

*छत्तीसगढ़ आजतक, बीजापुर 26 सितम्बर 2025*
बीजापुर ज़िले में महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक नई पहल सामने आई है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत अलग-अलग ग्राम संगठनों से जुड़ी 33 महिलाओं ने सेंट्रिंग प्लेट बनाने और किराए पर उपलब्ध कराने का कार्य शुरू किया है।
महिलाओं द्वारा तैयार की गई ये प्लेटें मुख्य रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बनाए जा रहे घरों में उपयोग की जा रही हैं। इससे महिलाओं को आय का स्थायी स्रोत मिलने के साथ-साथ वे आर्थिक रूप से मज़बूत हो रही हैं।
अब तक जिले के विभिन्न संगठनों की महिलाओं को अच्छा लाभ हुआ है। हीरापुर की रोशन ग्राम संगठन की महिलाओं ने 35 हज़ार 400 रुपये, बीजापुर ब्लॉक के सरोजनी ग्राम संगठन ने 14 हज़ार रुपये, भोपालपट्टनम ब्लॉक के जय बूढ़ादेव संगठन ने 8 हज़ार रुपये, भैरमगढ़ की मां दंतेश्वरी ग्राम संगठन ने 36 हज़ार रुपये से अधिक की आमदनी अर्जित की है।
इस पहल से जुड़ी महिलाएं न सिर्फ अपने परिवार की ज़रूरतें पूरी कर रही हैं, बल्कि “लखपति दीदी” बनने की दिशा में भी आगे बढ़ रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि पीएम आवास निर्माण की बढ़ती ज़रूरतों को देखते हुए ही इस व्यवसाय को शुरू करने की योजना बनाई गई थी।











