*छत्तीसगढ़ आजतक,कोंडागांव, 07 मार्च 2026*
जिले में पीएमश्री योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत शुक्रवार को कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने पीएमश्री शाला हरवेल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ-साथ उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की तथा बच्चों और शिक्षकों से संवाद कर पढ़ाई-लिखाई की स्थिति के बारे में जानकारी ली।
कलेक्टर ने विद्यालय में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए एक शिक्षक को सालेभाट शाला में अध्यापन कार्य हेतु व्यवस्था करने के लिए डीएमसी एवं जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए। उन्होंने कक्षा पहली में दर्ज 13 विद्यार्थियों के लिए तत्काल बेंच की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही किचन गार्डन में ड्रिप सिंचाई लगाने तथा एफएलएन सामग्री को व्यवस्थित स्थान पर रखने के लिए कहा। पंचायत द्वारा निर्मित अतिरिक्त कक्ष को एक सप्ताह के भीतर पूर्ण कराने के लिए सीईओ जनपद पंचायत को निर्देशित किया गया। वहीं विद्यालय परिसर में सफाई व्यवस्था, पेंटिंग कार्य सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पांच दिनों के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई, एसडीएम सुश्री आकांक्षा नायक, तहसीलदार श्री गणेश सिदार, डीएमसी ईमल बघेल, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रेनू प्रकाश, जनपद सीईओ श्री अनुराग सिन्हा सहित अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
*कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र हरवेल का किया निरीक्षण*
श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने शुक्रवार को केशकाल विकासखंड अंतर्गत ग्राम हरवेल स्थित स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र के विभिन्न कक्षों का अवलोकन किया तथा स्वास्थ्य कर्मियों से प्रसव संबंधी सुविधाओं एवं उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र में स्वच्छता एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए वहां पदस्थ स्वास्थ्य कर्मियों की रचनात्मक पहल की सराहना की। उन्होंने निर्देशित किया कि स्वास्थ्य केंद्र हरवेल की तर्ज पर अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में भी स्वच्छता एवं बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई, एसडीएम सुश्री आकांक्षा नायक, तहसीलदार श्री गणेश सिदार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रेनू प्रकाश सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।